गोरखपुर। गोला-उरुवा मार्ग पर चंदौली गांव के पास सोमवार को सुबह एक स्कूल के बच्चों को ले जा रही बस ओवरटेक के चक्कर में पलट गई। सवार 11 बच्चों में से दो के सिर में गंभीर चोट लग गई। आनन फानन में उन्हें दूसरे स्कूल के बस से गोला कस्बा स्थित प्राइवेट अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद छात्रों को छोड़ दिया गया।उधर, मौके पर पहुंची पुलिस बस चालक का मेडिकल कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई और बस को भी कब्जे में ले लिया है। थाना क्षेत्र का धुरियापार हरपुर चीनी मिल के पास स्थित आरएसपी एकेडमी की बस को बेदौली गांव निवासी बस चालक उदयप्रताप सिंह चलाता है। सुबह वह अपने गांव के बच्चों को बस में बैठाने के बाद नारायणपुर, गोपालपुर और चंदौली गांव के कुल 11 बच्चों को बस में बैठा कर अन्य गांव के बच्चों को लेने जा रहा था। चालक का कहना है कि चंदौली गांव के पास ट्रेलर से ओवरटेक करने के दौरान बस का स्टीयरिंग जाम हो गया और बस सड़क के बाईं तरफ खाई में पलट गई, जिसमें चंदौली गांव के ओम कुमार और बेदौली गांव की आंशी के सिर में चोट लग गई। उन्हें तत्काल दूसरे स्कूल के बस से गोला कस्बा स्थित प्राइवेट अस्पताल भेजा गया। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी दरवेश सिंह ने बस चालक को मेडिकल के लिए भेज दिया। बताया कि ऐसा लग रहा था कि चालक नशे में था। आरटीओ को पत्र भेजकर अपने सर्किल के सभी स्कूलों के बसों फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस की जांच कराऊंगा। और जो इस मामले में दोषी मिलेगा, उस पर कार्रवाही की जाएगी।