शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज के भौतिक विज्ञान विभाग के द्वारा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। “अंतरिक्ष में नवीन प्रतिमान स्थापित करता भारत” विषयक इस संगोष्ठी में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष डॉ आलोक कुमार सिंह ने कहा कि विज्ञान की प्रगति शोध पर आधारित है। विद्यार्थियों को शोधपरक मानसिकता के साथ विज्ञान को सीखना एवं समझना चाहिए। भौतिकी विभागाध्यक्ष शिशिर शुक्ला ने इस अवसर पर भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रमों, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के इतिहास एवं संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आर्यभट्ट उपग्रह के प्रक्षेपण से लेकर कैप्टन शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा तक भारत ने तमाम चुनौतियों का सामना करते हुए सफलता के शिखरों को स्पर्श किया है। कार्यक्रम संयोजक हर्ष पाराशरी ने अंतरिक्ष कार्यक्रमों से संबंधित विभिन्न वीडियो प्रस्तुतिकरण के माध्यम से विद्यार्थियों का ज्ञानवर्धन किया। विज्ञान संकाय के विभिन्न छात्र छात्राओं ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता में तृतीय स्थान पर संयुक्त रूप से आयुषि रस्तोगी एवं अनुज यादव, द्वितीय स्थान पर यशी मिश्रा एवं प्रथम स्थान पर अनन्या शर्मा रहे। राजनंदन सिंह राजपूत के संचालन में चले इस कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन सत्येंद्र कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम के आयोजन में प्रशांत शर्मा, देवेंद्र कुमार, सुधाकर गुप्ता आदि का सहयोग रहा।