बरेली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के खिलाफ चल रहे मामले में उनके वकील प्रियांशु अग्रवाल और यासीर अब्बासी बुधवार को बरेली पहुंचे। लखनऊ से आए इन वकीलों ने कोर्ट में वकालतनामा दाखिल किया और राहुल गांधी का आधार कार्ड भी जमा किया। इस मामले में विशेष लोक अभियोजक अचिंत्य द्विवेदी ने बताया कि राहुल गांधी के वकीलों ने जवाब देने के लिए पांच सप्ताह का समय मांगा था, जिस पर कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 2 अप्रैल की तारीख तय की है।यह मामला लोकसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी द्वारा आर्थिक सर्वेक्षण को लेकर दिए गए बयान से जुड़ा है। इस बयान के बाद हिंदूवादी संगठनों ने तीखा विरोध किया था। अखिल भारतीय हिंदू महासभा के मंडल अध्यक्ष पंकज पाठक ने जून 2024 में निजी कोर्ट में अर्जी दाखिल कर राहुल गांधी के बयान से भावनाएं आहत होने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। हालांकि, उस समय अर्जी को खारिज कर दिया गया था। बाद में पंकज पाठक ने रिवीजन याचिका दाखिल की, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। अब यह मामला स्पेशल कोर्ट एमपी एमएलए में चल रहा है। इस मामले में राहुल गांधी के खिलाफ कई समन जारी किए गए हैं, लेकिन वह अब तक कोर्ट में हाजिर नहीं हुए हैं। पिछली सुनवाई में उनके वकील ने दलील दी थी कि समन तामील हो गए हैं और डाक से स्पीड पोस्ट की ट्रैकिंग रिपोर्ट भी कोर्ट में दाखिल की गई थी। अब वकीलों ने वकालतनामा दाखिल करके मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।