एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का चौथा दिन पर्यावरण संरक्षण दिवस के रूप में मनाया
शाहजहांपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन पर्यावरण संरक्षण दिवस के रूप में मनाया गया। यह कार्यक्रम स्वामी सुकदेवानंद कॉलेज, शाहजहांपुर के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव की देखरेख में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत प्लास्टिक मुक्त अभियान एवं पर्यावरण पर चर्चा आयोजित की गई, जिसमें स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझा और प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर विचार-विमर्श किया। इसके बाद जल संरक्षण जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें स्वयंसेवकों ने जल बचाने के संदेश के साथ जनमानस को जागरूक किया।

इसके अतिरिक्त, स्वयंसेवकों ने “पर्यावरण बचाओ” विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें पर्यावरण संकट और उसके समाधान पर प्रकाश डाला गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को पेड़ लगाने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का विषय नहीं, बल्कि यह हमारी जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। हमें अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना चाहिए, जल बचाने के उपाय अपनाने चाहिए और प्लास्टिक के उपयोग को कम करना चाहिए। एनएसएस के स्वयंसेवक समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम में अभिषेक राजपूत, सौरभ सिंह, नंदनी यादव, कीर्ति, नैन्सी, पूजा, शिवानी सिंह, शिवा गुप्ता, मोहित मौर्या, आर्यन सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया। सभी स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय सेवा योजना के इस प्रयास से शिविर में उपस्थित ग्रामीणों और स्वयंसेवकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण कार्य किया गया। शिविर के आगामी दिनों में भी सामाजिक हित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।













































































