गाजियाबाद । एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई थी। थाना लिंक रोड क्षेत्र में 6 वर्षीय मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपी बस हेल्पर नूर आलम को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया है। घटना 15 जनवरी की रात की है, जब बिहार के दरभंगा से आया एक परिवार अपनी 6 साल की बेटी के गायब होने से परेशान था। परिजनों ने एक बस हेल्पर पर शक जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की जांच में सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि 19 वर्षीय नूर आलम बच्ची को कौशांबी बस अड्डे की तरफ ले जाता दिखा। शनिवार को आरोपी की निशानदेही पर नाले से बच्ची का शव बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जब वह बस में सोने जा रहा था, तब बच्ची ने उससे 5 रुपए मांगे। इसी दौरान उसके मन में गलत विचार आया और वह बच्ची को बस में ले गया। वहां उसने मासूम के साथ दुष्कर्म किया और गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को बस में रखे कट्टे में बांधकर नाले में फेंक दिया।एसीपी साहिबाबाद रजनीश उपाध्याय के अनुसार, जब पुलिस टीम आरोपी की तलाश में कौशांबी बस अड्डे के पीछे पहुंची, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के दोनों पैरों में गोली मार दी। घायल अवस्था में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।