2 महीने से सैलरी न मिलने पर डोर-टू-डोर कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार
बरेली। डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाले नगर निगम के संविदा कर्मचारियों ने पिछले दो महीने से सैलरी न मिलने के कारण कार्य बहिष्कार कर दिया है। नाराज कर्मचारियों ने नगर निगम के मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और ऐलान किया कि जब तक उनकी बकाया सैलरी का भुगतान नहीं होगा, वे काम नही करेंगे। डोर टू डोर कर्मचारियों का कहना है कि वे नियमित रूप से शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिला है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति पर बुरा असर पड़ा है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। इस विरोध प्रदर्शन का असर बरेली शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ा है। कई इलाकों में कूड़ा नहीं उठने से गंदगी बढ़ने लगी है, जिससे स्थानीय निवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी बकाया सैलरी का भुगतान नहीं किया जाएगा, तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगे। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि उनकी मेहनत का भुगतान समय पर किया जाए ताकि वे अपने परिवार की जिम्मेदारियों को पूरा कर सकें। इस मुद्दे पर नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि वेतन जारी करने की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही इसे सुलझा लिया जाएगा।
