लखनऊ। आम आदमी पार्टी के मुखिया केजरीवाल की गिरफ्तारी को पार्टी चुनावी मुद्दा बनाएगी। एक तरफ जहां केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में 31 मार्च को दिल्ली की रैली में भी प्रदेश से काफी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे। वहीं केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर उत्तर प्रदेश में भी इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया जाएगा। पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता आमजन तक इसकी सच्चाई पहुंचाएंगे। पार्टी प्रदेश में भले ही लोकसभा चुनाव के मैदान में न हो लेकिन वह इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के लिए प्रचार कर रही है। इस प्रचार अभियान में अन्य मुद्दों के साथ-साथ-साथ पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता केजरीवाल, संजय सिंह जैसे पार्टी के प्रमुख नेताओं की गिरफ्तारी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी। पार्टी नेताओं का कहना है कि लोकसभा चुनाव में केजरीवाल ही भाजपा को प्रमुखता से चुनौती दे रहे थे, यही वजह है कि एक-एक कर पहले पार्टी नेताओं और अब उनको जेल भेज दिया गया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि यह सीधे-सीधे लोकतंत्र की हत्या है। पार्टी भले ही प्रदेश में लोकसभा चुनाव नहीं लड़ रही है लेकिन इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के प्रचार में घर-घर पहुंच रही है। इस दौरान कार्यकर्ता केजरीवाल की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाएंगे। पूर्व में संजय सिंह की गिरफ्तारी का सच बताने के लिए घर-घर जाकर पर्चा बांटने का काम किया था। उन्होंने बताया कि दिल्ली में 31 को होने वाली रैली के लिए प्रदेश के कार्यकर्ता काफी संख्या में रवाना हो गए हैं।