उझानी मे शीतलाष्टमी पर सुसज्जित झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा
उझानी | नगर के एक मौहल्ले में स्थित श्री शीतला माता मंदिर पर 99 वें शीतलाष्टमी महोत्सव के दूसरे दिन शीतला माता की शोभायात्रा धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ निकाली गई । शोभायात्रा में कलाकारों ने बैंडबाजों के साथ भक्ति गीतों की धुन पर थिरकते हुए समा बांध दिया ।

शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गो से निकाली गई जहां दुकानदारों ने शीतला माता की आरती कर प्रसाद गृहण किया । बुधवार को नगर के मौहल्ला अहिर टोला में स्थित मंदिर से शीतला माता की उत्सव मूर्ति रथ पर सवार कर आरती – पूजन कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया । शोभायात्रा में काली अखाड़ा के कलाकार करतब दिखाते हुए आकर्षण का केंद्र रहे । शोभायात्रा में भगवान राम, सीता, हनुमान, गणेश, श्री जगन्नाथ महाप्रभु आदि दर्जनों झांकियों को निकाला गया । शोभायात्रा अहिर टोला शीतला माता मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के मौहल्ला किला खेडा, बाजार कला, साहूकारा, नझियाई, कछला रोड, हलवाई चौक, स्टेशन रोड, हनुमान गढ़ी, पंजाबी कालोनी, मुख्य चौराहा, बिल्सी रोड होती हुई पुनः मंदिर पर जाकर विसर्जित हो गई । शोभायात्रा में शामिल बाहुवली हनुमान, काली आदि झांकियों ने श्रृद्धालुओं का मन मोह लिया ।

सेवायत शिव स्नेही मिश्र ने बताया कि पूरे वर्ष भक्त भगवान के द्वार पर दर्शन करने आते हैं । इसी कारण आचार्यो ने परम्परा बनाई कि वर्ष में एक बार उत्सव विगृह नगर में शोभायात्रा में चलकर भक्तों के दर्शन करें और उनके द्वार से आरती स्वीकार का अपनी कृपा व प्रसाद भक्तों को प्रदान करें । इसी कारण आचार्यो ने शोभायात्रा का सन 1924 से प्रारंभ किया । शोभायात्रा में शिव स्नेही मिश्र, संजय चतुर्वेदी, विमल कृष्ण अग्रवाल, अमित, शिव किशोर माहेश्वरी, जयपाल राठौर, संतोष वाष्णेय, श्याम यादव, वेद शर्मा, वैभव चतुर्वेदी, शरद चतुर्वेदी, प्रमोद माहेश्वरी, शिव गोपाल मिश्र, विष्णु गोपाल मिश्र, मुनीश चौहान, त्रिलोकी नाथ बागड़ा, मनु मिश्र, सोनी सक्सेना, तनु सक्सेना, पिंटू सक्सेना समेत हजारों भक्त मौजूद रहे।













































































