अंतर संकाय वार्षिक क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन
कला संकाय लगातार तीसरी बार बना चैंपियन
बदायूं।राजकीय महाविद्यालय में चल रही अंतर संकाय वार्षिक क्रिकेट प्रतियोगिता का आज समापन हो गया। फाइनल मैच में कला संकाय ने वाणिज्य संकाय को आसानी से 7 विकेट से पराजित कर एक बार फिर से चैंपियनशिप अपने पास बनाए रखी। टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करते हुए कला संकाय ने वाणिज्य संकाय पर शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और उनके बल्लेबाजों को कभी भी खुलकर खेलने का मौका प्रदान नहीं किया। हालांकि पहला विकेट पहले ओवर में ही गंवाने वाली वाणिज्य संकाय की ओर से आयुष ने एक छोर पर जमकर बल्लेबाजी करते हुए अपने छोर को पूरी तरह संभाले रखा और 27 रन बनाकर आउट हुए।


इसके अतिरिक्त नरेंद्र कुमार ने जोरदार बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों पर 24 रन एवं राम लखन ने 12 गेंदों पर 19 रन की पारी खेलकर वाणिज्य संकाय को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में मदद की। कला संकाय की ओर से कसी हुई गेंदबाजी करते हुए अनमोलप्रीत ने तीन विकेट एवं केशव ने 2 विकेट लिया। चिराग ने तीन खिलाड़ियों को आउट किया। जवाब में कला संकाय ने 100 रनों के लक्ष्य का पीछा बड़ी ही सावधानी एवं सतर्क शुरुआत के साथ की। कला संकाय के ओपनर बल्लेबाज प्रवेश ज्यादा कुछ खास नहीं कर सके और मात्र 2 रन बनाकर ही आउट हो गए लेकिन गोविंद एवं अरुण कुमार ने बड़ी ही सावधानी से बल्लेबाजी करते हुए वाणिज्य संकाय के गेंदबाजों का जम का सामना किया। कला संकाय के कप्तान अरुण कुमार ने 27 गेंदों पर 50 रन की कप्तानी पारी खेलते हुए कला संकाय को एक बार फिर से विजेता बनने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। जबकि गोविंद ने 19 रनों का योगदान दिया।निर्धारित लक्ष्य को कला संकाय ने 9 ओवर में प्राप्त करके लगातार तीन साल से अपराजेय रहने का सिलसिला बनाए रखा।
प्रतियोगिता में शानदार बल्लेबाजी करने वाले कला संकाय के विजय कुमार को प्रतियोगिता का मैन ऑफ द सिरीज घोषित किया गया। उन्होंने बेहतरीन क्षेत्ररक्षण के साथ-साथ अहम मौकों पर जोरदार बल्लेबाजी करते हुए पूरी प्रतियोगिता में सर्वाधिक 95 रन बनाए। महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ अंशु सत्यार्थी ने सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित किया तथा विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिता की जोरदार तैयारियां करने के लिए प्रेरित किया।















































































