एन एस एस स्वयंसेविकाओं ने मनाया संविधान दिवस
बदायूं। गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय में एन एस एस स्वयंसेविकाओं ने प्राचार्या डॉ वंदना शर्मा के निर्देशन में भारतीय संविधान दिवस मनाया, संविधान की उद्देशिका की शपथ ग्रहण कर मूल्यों को ग्रहण करने का संकल्प लिया। स्वयंसेविकाओं को संबोधित करते हुए प्राचार्या डॉ वंदना शर्मा ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की कहा कि भारत सरकार द्वारा पहली बार 26 नवम्बर 2015 से डॉ॰ भीमराव आंबेडकर के महान योगदान के रूप में “संविधान दिवस” मनाया गया।

दिन संविधान के महत्व का प्रसार करने और डॉ॰ भीमराव आंबेडकर के विचारों और अवधारणाओं का प्रसार करने के लिए ही यह दिवस चुना गया था। हमारा संविधान सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक, राजनितिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति और अवसर की समानता प्रदान करता है। संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर ने सर्व जन के विकास के लिए शिक्षा पर जोर दिया था क्योंकि मूल्य परक शिक्षा राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी असि० प्रो० सरला देवी चक्रवर्ती ने बताया कि लंबे संघर्ष से मिली आजादी के बाद विविधता भरे भारत को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित करना एक महती जिम्मेदारी थी। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में संविधान निर्माताओं ने सभी वर्गों की भावनाओं और जन अपेक्षाओं को संविधान में समाहित कर सशक्त राष्ट्र निर्माण के सपने को बखूबी पूरा किया है।

प्राचार्या डॉ०गार्गी बुलबुल ने बताया कि संविधान भारत की आत्मा है इसके मूल्यों को ग्रहण कर अपने जीवन में चरितार्थ करो तभी इस दिन को मनाने की सार्थकता सिद्ध हो सकेगी। प्राचार्या डॉ वंदना शर्मा ने सभी को संविधान के प्रस्तावना की शपथ दिलाई। ततपश्चातकार्यक्रम अधिकारी सरला चक्रवर्ती के संयोजन एवं नेतृत्व में देश का गौरव हमारा संविधान विषय पर निबंध,एवं भाषण प्रतियोगिता कराई गई जिसमें स्वयंसेविकाओं ने बढ़ चढ़ कर प्रतिभाग किया। निबंध प्रतियोगिता का परिणाम इस प्रकार रहा कु शिवांगी प्रथम, कु शालिनी सागर द्वितीय एवं कु राजकुमारी ,वैशाली संयुक्त रूप से तृतीय रहीं। भाषण में कु राजकुमारी प्रथम, वैशाली द्वितीय शालिनी तृतीय रही। निर्णायक मंडल की भूमिका में डॉ शालू गुप्ता, डॉ उमा सिंह गौर रहीं। इस अवसर पर डॉ इन्दू शर्मा, डॉ श्रद्धा यादव, डॉ उमा सिंह गौर डॉ इति अधिकारी, डॉ शिखा पांडेय आदि समस्त स्टाफ़ उपस्थित रहा। स्वयंसेविकाओं में कु०राजकुमारी, बबिता, प्रीती, शालिनी, इलमा बी दिशा सिंह, शिवानी, पूनम, पूजा किरण ,अंजली , काजल, ज्योती, पलक, प्रियंका, पूजा,अंजली शर्मा,आदि की सक्रिय सहभागिता रही।














































































