बरेली । थाना मीरगंज क्षेत्र में बुधवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। ग्राम लभारी के जंगल में कथित रूप से गौकशी की तैयारी कर रहे पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर की रात थाना मीरगंज पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था के मद्देनजर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लभारी के जंगल में कुछ लोग गौकशी की घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी आत्मरक्षार्थ फायरिंग में दो आरोपी घायल हो गए, जबकि उनके तीन अन्य साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायलों की पहचान नन्हे उर्फ मतिया (45) पुत्र तुलन निवासी ग्राम मंकरा, थाना मीरगंज के रूप में हुई है। उसके बाएं पैर में गोली लगी है। वहीं दूसरे घायल आरोपी आसिफ कुरैशी (38) पुत्र इस्माइल कुरैशी निवासी मोहल्ला अफसरयान, थाना मीरगंज, हाल निवासी ग्राम इस्लामनगर, थाना मिलक, रामपुर के दाहिने पैर में गोली लगी है।
इसके अलावा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अशरफ (48), शेर सिंह (35) और आसन शाह (58), तीनों निवासी ग्राम मंकरा, थाना मीरगंज शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, 12 बोर का एक जिंदा कारतूस, 315 बोर का एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस के साथ गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने 13 नवंबर को ग्राम लभारी के जंगल में पशु काटने की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इस मामले में थाना मीरगंज में मुकदमा संख्या 545/26 के तहत धारा 325 बीएनएस और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 में पहले से मुकदमा दर्ज है।
पुलिस मुठभेड़ के संबंध में भी मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
मीरगंज में पुलिस मुठभेड़, गौकशी की तैयारी कर रहे पांच आरोपी गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

6.3K views

























































































