बदायूं। परिषदीय शिक्षकों की लंबित समस्याओं और 12 सूत्रीय मांगों को लेकर बुधवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा के नेतृत्व में जुटे करीब तीन हजार शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते हुए लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की। धरना-प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित 12 सूत्रीय मांग पत्र सिटी मजिस्ट्रेट सुमित कुमार को सौंपा गया। धरने में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन कई समस्याओं का समाधान अब तक नहीं हुआ है। संगठन ने प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा दिए जाने का स्वागत करते हुए आभार भी जताया। इसके साथ ही पुरानी पेंशन बहाली, टीईटी की अनिवार्यता से राहत, पदोन्नति, वेतनमान, स्थानांतरण और विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं सहित विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। दहगवां ब्लॉक अध्यक्ष दामोदर सिंह यादव ने संगठन के संघर्षों और उनसे मिले परिणामों की जानकारी देते हुए शिक्षकों से एकजुट रहने का आह्वान किया। बिसौली ब्लॉक मंत्री अनुज शर्मा ने एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों के लिए नई पेंशन व्यवस्था समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने तथा इससे पूर्व चयनित शिक्षकों को भी इसका लाभ देने की मांग उठाई। जगत ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. पंकज पाठक ने 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता से मुक्त रखने के लिए विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की मांग की। इस्लामनगर ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह राघव ने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पदों पर गैर-टीईटी शिक्षकों की पदोन्नति शीघ्र करने की बात कही। उझानी ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद दीक्षित ने 12 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले सभी पात्र शिक्षकों को प्रोन्नत वेतनमान देने की मांग उठाई। सलारपुर ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पटेल ने शिक्षकों के प्रमाण पत्रों का पूर्व में हो चुके सत्यापन के बावजूद एसटीएफ से दोबारा जांच कराने के आदेश पर रोक लगाने की मांग की। जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव ने शिक्षकों को शासन एवं विभागीय स्तर पर दी जा रही मानसिक प्रताड़ना पर तत्काल रोक लगाने की बात कही। जिला मीडिया प्रभारी आयुष भारद्वाज ने विशेष श्रेणी के लंबित अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की सूची जारी करने और सामान्य अंतर्जनपदीय स्थानांतरण प्रतिवर्ष किए जाने की मांग रखी। जिला कोषाध्यक्ष सुशील चौधरी ने शीतकालीन अवकाश में सभी प्रकार के स्थानांतरण पूरे करने, द्वितीय शनिवार एवं उपार्जित अवकाश का लाभ देने की मांग की। कादरचौक ब्लॉक अध्यक्ष बृजेश यादव और समरेर ब्लॉक अध्यक्ष संजय यादव ने वर्ष 2020 में नियुक्त शिक्षकों के ब्रिज कोर्स में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों की बाध्यता समाप्त करने की मांग उठाई। उसावां ब्लॉक अध्यक्ष रामसेवक वर्मा एवं वजीरगंज ब्लॉक अध्यक्ष सलमान खान ने बीएड और टीईटी की अर्हता पूरी करने वाले मृतक आश्रितों को शिक्षक पद पर नियुक्ति देने की मांग की। म्याऊं ब्लॉक अध्यक्ष राजेश कुमार ने प्रत्येक विद्यालय परिसर में चतुर्थ श्रेणी सफाई कर्मचारी की नियुक्ति की मांग रखी। धरने की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा ने कहा कि इतिहास गवाह है कि अधिकार कभी भीख में नहीं मिलते, उन्हें एकजुटता और संघर्ष के दम पर हासिल करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि संगठन शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ा है। सरकार ने यदि 12 सूत्रीय मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं किया तो शिक्षक संघ इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन और न्यायालय तक लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शिक्षकों से अपने अधिकारों की लड़ाई में एकजुट रहने की अपील की। धरना-प्रदर्शन के समापन पर सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव की मौजूदगी में सिटी मजिस्ट्रेट सुमित कुमार को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने ज्ञापन शासन को भेजने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक एवं बिसौली ब्लॉक मंत्री अनुज शर्मा ने किया। इस मौके पर प्रांतीय प्रचार मंत्री एवं जिलाध्यक्ष संजीव कुमार शर्मा, जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव, जिला कोषाध्यक्ष सुशील चौधरी सहित जनपद कार्यसमिति, समस्त तहसील प्रभारी, विकासखंड अध्यक्ष, मंत्री, कोषाध्यक्ष, संघर्ष समिति के पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य और करीब तीन हजार शिक्षक मौजूद रहे।
बदायूँ में 12 सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षकों का जोरदार धरना-प्रदर्शन, सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी

6.5K views

























































































