बदायूँ। गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ शारदे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर श्री नासिर हुसैन, महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. इंदु शर्मा ,चीफ प्रॉक्टर डॉ. सरला चक्रवर्ती एवं डाॅ निशा साहू उपस्थित रहीं।कार्यक्रम में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर श्री नासिर हुसैन ने छात्राओं को यातायात के विभिन्न नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना तथा यातायात संकेतों एवं सड़क चिह्नों का ध्यान रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, नशे की स्थिति में वाहन न चलाने तथा गलत दिशा में वाहन न चलाने के प्रति भी छात्राओं को जागरूक किया।उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं के साथ-साथ दूसरों के जीवन की सुरक्षा के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सतर्कता, अनुशासन एवं यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है।महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. इंदु शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रत्येक छात्रा को यातायात नियमों की जानकारी होनी चाहिए तथा उनका पालन अपने दैनिक जीवन में भी करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को स्वयं जागरूक बनने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।चीफ प्रॉक्टर डॉ. सरला चक्रवर्ती ने भी यातायात नियमों के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं से सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवहार अपनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में महाविद्यालय की शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर शालू गुप्ता द्वारा किया गया।
गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय में यातायात नियमों के प्रति छात्राओं को किया जागरूक

6.2K views

























































































