दातागंज। विधानसभा क्षेत्र के ढिलवारी इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित क्षत्रिय समाज के सामाजिक सम्मेलन में भारी जनसैलाब उमड़ा। सम्मेलन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में क्षत्रिय समाज के लोगों ने भाग लिया। भीड़ इतनी अधिक रही कि कॉलेज का मैदान भी छोटा पड़ गया। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार मुख्यमंत्री बनाने और भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह (बब्बू भैया) को लगातार तीसरी बार विधायक चुनकर विधानसभा भेजने का संकल्प लिया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि उनके लिए केवल क्षत्रिय समाज ही नहीं, बल्कि विधानसभा क्षेत्र के सभी वर्गों और समाजों के लोग एक परिवार की तरह हैं। सभी के सहयोग और समर्थन से ही क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास कार्य कराने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि जनता का इसी तरह आशीर्वाद और समर्थन मिलता रहा तो आगामी चुनाव में किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने तीसरी बार ऐतिहासिक जीत दर्ज कराने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम का निर्माण हुआ है। अब मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर धाम निर्माण की दिशा में भी कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि अभी क्षेत्र के विकास को लेकर उनके कई सपने अधूरे हैं। जनता ने तीसरी बार अवसर दिया तो उन सभी कार्यों को पूरा कराने का प्रयास करेंगे। महाराणा प्रताप ट्रस्ट के हरि प्रताप सिंह राठौड़ एडवोकेट, सुशील सिंह और राकेश सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ को देश में आगे बढ़ते देखने का सपना तभी साकार होगा, जब वे तीसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। इसके लिए राजीव कुमार सिंह को भी तीसरी बार विधायक बनाना जरूरी है। विधायक के पुत्र एवं ब्लॉक प्रमुख अतेन्द्र विक्रम सिंह ने भावुक अपील करते हुए कहा कि विधायक राजीव कुमार सिंह ने कभी किसी के साथ भेदभाव नहीं किया और सभी को अपना परिवार मानकर क्षेत्र की सेवा की है। यदि जाने-अनजाने में किसी को कोई बात बुरी लगी हो तो परिवार का सदस्य समझकर गिले-शिकवे भुला दें। उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों से अपने पिता को तीसरी बार ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने की अपील की। सम्मेलन में रामनरेश सिंह, ब्लॉक प्रमुख उसावां प्रतिनिधि दिनेश कुमार सिंह, मुन्ना सिंह पूर्व चेयरमैन, रवेन्द्र प्रताप सिंह म्याऊं, रविन्द्रपाल सिंह चेयरमैन डीसीडीएफ, रंजन सिंह प्रधान और सौरभ सिंह तोमर सहित अन्य वक्ताओं ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन भाजपा कार्यालय प्रभारी अमित कुमार सिंह (रिंकू भैया) ने किया।
दातागंज के क्षत्रिय सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, तीसरी बार योगी और बब्बू भैया को जिताने का लिया संकल्प

6.3K views

























































































