बरेली। आंवला थाना पुलिस ने गो-तस्करी से जुड़े मुकदमे में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को रविवार सुबह पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी छोटा उर्फ रिजवान के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसकी ओर से की गई फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय ने बताया कि 9 अक्टूबर को गणेश गिरि निवासी ग्राम आसपुर, थाना आंवला ने साथियों के साथ थाना आंवला में तहरीर देकर बताया था कि 8/9 अक्टूबर की रात अज्ञात लोगों ने गोवंशीय पशुओं का वध किया है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया था। जांच के दौरान पुलिस ने हैदर अली निवासी मुरादाबाद और शाहरुख निवासी संभल को वाहन समेत मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे।
मामले में फरार चल रहे छोटा उर्फ रिजवान पुत्र बब्बू शाह निवासी ग्राम रेवरी खुर्द, थाना मिलक, जनपद रामपुर पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। रविवार सुबह करीब 6:02 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी आंवला-रामनगर मार्ग की ओर आ रहा है। इस पर पुलिस टीम ने रेवती फाटक के पास घेराबंदी की। पुलिस के रोकने पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली आरक्षी दुलीचंद की बाईं बाजू को छूकर निकल गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने घुटने में गोली लगी और वह सड़क किनारे गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए सीएचसी आंवला भेजा गया। आरोपी के खिलाफ मुठभेड़ के संबंध में मुकदमा संख्या 561/2026 धारा 109(1) बीएनएस और आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रामपुर जिले का गैंगस्टर और हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ गोवध, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में रामपुर, बरेली और अन्य थानों में कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ गोवंशीय पशुओं की तलाश में क्षेत्र में रेकी करने और पूर्व में बदायूं-आंवला मार्ग पर गोवंशीय पशु का वध करने की घटना में शामिल होने की बात बताई है।
पुलिस आरोपी को उपचार के बाद न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक अपराध अजीत सिंह, उपनिरीक्षक परमित कुमार, अखिल प्रताप सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
गो-तस्करी का फरार 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

7.7K views

























































































