बदायूँ। शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर, सिविल लाइन्स, बदायूँ के भैया-बहिनों ने अशर्फ़ी देवी सरस्वती शिशु मन्दिर, बिसौली में आयोजित ‘संकुल स्तरीय खेलकूद एवं एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए शिशु वर्ग में चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे जनपद का नाम रोशन हुआ है।
प्रतियोगिता के घोषित परिणामों के अनुसार, शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर के खिलाड़ियों ने दलीय एवं व्यक्तिगत स्पर्धाओं दोनों में उत्कृष्ट खेल भावना और कौशल का परिचय दिया।
खो-खो प्रतियोगिता (भैया वर्ग एवं बहिन वर्ग) दोनों वर्गों में विद्यालय की टीमों ने शानदार तालमेल दिखाते हुए प्रथम स्थान (स्वर्ण पदक) हासिल किया।
बैडमिंटन प्रतियोगिता (भैया वर्ग) में कड़ा मुकाबला करते हुए भैया आयुष शंखधार एवं तनुष की टीम ने प्रथम स्थान (स्वर्ण पदक) प्राप्त किया। वहीं कबड्डी की टीम (भैया वर्ग) ने उपविजेता रहते हुए द्वितीय स्थान (रजत पदक) पर कब्जा जमाया।
कुश्ती (U-11) 30 किग्रा भार वर्ग में राज ने तथा (U-13) 39 किग्रा भार वर्ग में लविस ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
एथलेटिक्स व व्यक्तिगत स्पर्धा में 200 मीटर दौड़ (भैया वर्ग) में राज ने तृतीय, 100 मीटर दौड़ (बहिन वर्ग) में दीपिका ने तृतीय, ऊँची कूद (भैया वर्ग) में लक्ष्मण ने तृतीय तथा गोला फेंक (भैया वर्ग) में आयुष ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीते।
विद्यालय के मीडिया प्रभारी लालाराम वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि संकुल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी विजेता भैया-बहिन 4, 5 व 6 नवम्बर 2026 को मथुरा में आयोजित होने वाली प्रांत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे।
छात्र-छात्राओं के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि भैया-बहिनों की यह सफलता उनके निरंतर कठिन परिश्रम और मार्गदर्शक आचार्यों के कुशल प्रशिक्षण का प्रतिफल है। वहीं विद्यालय के व्यवस्थापक वीरेंद्र पाल झा ने खुशी जाहिर करते हुए सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।
इस गौरवमयी उपलब्धि पर विद्यालय के समस्त आचार्य शारीरिक प्रमुखआचार्य निरंजन सिंह, खो-खो के कोच आचार्य सुबोध कुमार मिश्रा, राकेश मिश्रा, अनुराग मिश्रा, राहुल शर्मा सहित समस्त स्टाॅफ एवं अभिभावकों में अत्यंत उत्साह व खुशी का माहौल है।
■ संकुल स्तरीय खेलकूद में शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर का दबदबा, जीती चैंपियनशिप

6.6K views

























































































