बरेली। थाना कैण्ट पुलिस ने नकटिया पुल के पास गौकशी की घटना का खुलासा करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गौकशी में प्रयुक्त उपकरण, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 23 अगस्त को थाना कैण्ट क्षेत्र में नकटिया पुल के पास हाईवे किनारे झाड़ियों में गौवंश के अवशेष मिलने पर गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस लगातार गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश कर रही थी। शनिवार तड़के करीब 4:20 बजे कृष्णा कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर सरकारी ट्यूबवेल के पास जंगल से दो संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान पैकर इल्मास वारसी खान (37), निवासी रोहिली टोला, थाना बारादरी और नन्हे बाबू उर्फ अतीक खान (25), निवासी ठिरिया निजावत खां, थाना कैण्ट के रूप में हुई। दोनों का नाम पहले दर्ज गौकशी के मुकदमे में सामने आया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ जंगल क्षेत्र में आवारा गौवंशीय पशुओं को पकड़कर उनका वध करते थे और मांस शहर में सप्लाई करते थे। खाल और अवशेष खेतों तथा नकटिया नदी किनारे फेंक देते थे। पुलिस अब इनके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर, उपनिरीक्षक इंतजार हुसैन, उपनिरीक्षक रोहित तोमर तथा कांस्टेबल रियाज अली, राजीव कुमार और आयुष भारद्वाज शामिल रहे।