बरेली। थाना बहेड़ी पुलिस ने चेकिंग के दौरान ट्रक यूनियन तिराहे से पकड़ा, किच्छा में दर्ज है ई-एफआईआर बरेली। थाना बहेड़ी पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में उत्तराखंड के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई है। बरामद बाइक की चोरी के संबंध में उत्तराखंड के किच्छा थाने में ई-एफआईआर दर्ज है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात करीब 11:25 बजे उपनिरीक्षक तेजपाल सिंह पुलिस टीम के साथ कस्बे में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान ट्रक यूनियन तिराहे से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान नीरज पुत्र रघुनाथ कुशवाह (19) और वीर पुत्र कुंदन (18), निवासी वार्ड नंबर चार, किच्छा चीनी मिल, थाना किच्छा, जिला ऊधमसिंहनगर, उत्तराखंड के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर UK06BC8126 और चेसिस नंबर MBLHAW110NHB65424 है। जांच में मोटरसाइकिल की चोरी के संबंध में थाना किच्छा, उत्तराखंड में ई-एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिली। इस मामले में थाना बहेड़ी में मुकदमा बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बहेड़ी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक तेजपाल सिंह, हेड कांस्टेबल हरपाल भाटी, विकास पंवार और राजीव कुमार शामिल रहे।