बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने जोगी नवादा स्थित बाबा बनखण्डी नाथ महादेव मंदिर से 108 शिवलिंग पर स्थापित चार तांबे के नाग देवता चोरी करने वाले आरोपी को वारदात के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी गए चारों नाग देवता भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार 29 अगस्त को मंदिर के महंत केदार पुरी ने सूचना दी थी कि मंदिर परिसर में स्थापित 108 शिवलिंग में से चार तांबे के नाग देवता चोरी हो गए हैं। इस पर थाना बारादरी में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने जोगी नवादा में संजीव के खोखे के पास से आरोपी इसरार (24), निवासी अल्वी मस्जिद के पास, थाना बारादरी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किए गए चारों तांबे के नाग देवता बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और पैसों की जरूरत के कारण मंदिर से नाग देवता चोरी किए थे। वह उन्हें बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। बरामदगी के बाद मुकदमे में संबंधित धारा बढ़ाई गई है और आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी जोगी नवादा उपनिरीक्षक कुशलपाल सिंह, हेड कांस्टेबल उमेश कुमार और कांस्टेबल सागर खटाना शामिल रहे।