बदायूँ। कॉकरोज जनता पार्टी द्वारा सरकारी स्कूलों के भ्रमण की घोषणा और जेन-जी आंदोलन के बाद शासन-प्रशासन सरकारी विद्यालयों की व्यवस्थाओं को लेकर सतर्क हो गया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों के क्रम में जनपद में संचालित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी स्तर से जनपद के खंड विकास अधिकारियों एवं सहायक विकास अधिकारियों को विद्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति जांचने के निर्देश दिए गए। बुधवार को अधिकारियों ने जनपद के 89 प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, जलभराव, मिड-डे मील, साफ-सफाई तथा शिक्षकों की उपस्थिति समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति परखी गई। अधिकारियों ने विद्यालयों में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कमियों को भी देखा। शासन की ओर से सरकारी विद्यालयों में शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को बेहतर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। निरीक्षण के बाद सामने आने वाली कमियों के आधार पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाने की उम्मीद है।