दातागंज में सावन के चौथे सोमवार पर भंडारा और निःशुल्क चिकित्सा कैंप लगा,विधायक ने किया शुभारंभ
दातागंज। सावन के चौथे सोमवार के पावन अवसर पर दातागंज नगर में शिवभक्तों और कांवड़ियों की सेवा के लिए भंडारे एवं निःशुल्क चिकित्सा कैंप का आयोजन किया गया। नगर पालिका परिषद दातागंज के चेयरमैन अनूप गुप्ता के द्वारा विकास खंड दातागंज कार्यालय के सामने भंडारे का आयोजन कराया गया। वहीं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, बदायूं के निर्देशन में दवा विक्रेताओं के तत्वावधान में शिवभक्तों एवं कांवड़ियों के लिए निःशुल्क प्राथमिक उपचार एवं औषधि वितरण कैंप लगाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भईया’ ने किया। विधायक ने शिवभक्तों एवं कांवड़ियों को भोजन और प्रसाद वितरित किया। इसके साथ ही उन्होंने चिकित्सा कैंप का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।इस अवसर पर विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भईया’ ने कहा कि सावन के पावन माह में शिवभक्तों और कांवड़ियों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। धार्मिक आस्था के साथ श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सुविधा का ध्यान रखना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे सेवा कार्य समाज में सहयोग, समरसता और सेवा भावना को मजबूत करते हैं।चिकित्सा कैंप में कांवड़ियों एवं शिवभक्तों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के साथ आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया। वहीं भंडारे में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं को भोजन एवं प्रसाद कराया गया। सेवा शिविर में श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।कार्यक्रम में डीसीडीएफ अध्यक्ष बदायूं रावेंद्र पाल सिंह, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री हीरा लाल कश्यप, शैलेंद्र सिंह ‘मोनू’, प्रदीप सिंह ‘रिशु चौहान’, उपजिलाधिकारी दातागंज विनोद कुमार, सहायक खाद्य आयुक्त सीएल यादव, औषधि निरीक्षक बदायूं लवकुश प्रसाद, केमिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष शिव स्वरूप गुप्ता, नगर पालिका परिषद दातागंज के सभासदगण, भाजपा कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं शिवभक्त मौजूद रहे। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में सेवा और धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।
















































































