बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के यांत्रिक कारखाना, इज्जतनगर में कर्मचारियों की संरक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुरक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एनई रेलवे मेन्स कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र निराकरण की मांग की।
बैठक में संगठन की ओर से व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (पीपीई) की खराब गुणवत्ता तथा सेफ्टी मास्क, हेलमेट, सेफ्टी ग्लव्स और फिटिंग ग्लव्स की पर्याप्त उपलब्धता का मुद्दा उठाया गया। इसके अलावा कारखाने की विभिन्न शॉपों में साफ-सफाई की कमी, नालियों की अधूरी सफाई, जलभराव, जर्जर फर्श और खुली नालियों जैसी समस्याओं पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया।
यूनियन प्रतिनिधियों ने खराब मशीनों, विद्युत सुरक्षा, लिस्टर एवं फोर्कलिफ्ट की खराब स्थिति तथा एयर कंप्रेसर की आवश्यकता का मुद्दा भी उठाया। साथ ही कार्यस्थलों पर आग और दुर्घटनाओं से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने, मशीनों की समयबद्ध मरम्मत, उचित वेंटिलेशन, सुरक्षित विद्युत कनेक्शन और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
एनई रेलवे मेन्स कांग्रेस
प्रतिनिधियों ने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। कार्यस्थल पर छोटी-छोटी लापरवाहियां भी बड़ी दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं। इसलिए सुरक्षा से संबंधित सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी समाधान किया जाना चाहिए।
बैठक में रेलवे प्रशासन की ओर से उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (प्लांट) शैलेश सिंह, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन) प्रदीप कुमार, कारखाना प्रबंधक (प्लांट) पवन कुमार वर्मा, कारखाना प्रबंधक (उत्पादन) शिखर दयाल, सहायक कारखाना प्रबंधक वीडी मीना तथा कारखाना कार्मिक अधिकारी मुनिराज मीना उपस्थित रहे।
वहीं, यूनियन की ओर से कारखाना मंडल अध्यक्ष अनवारुल हसन एवं मंडल मंत्री रजनीश तिवारी ने कर्मचारियों की समस्याओं को विस्तार से रखा।
बैठक में एनई रेलवे मेन्स कांग्रेस प्रतिनिधियों ने प्रशासन से सभी सुरक्षा संबंधी समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की। संगठन ने कहा कि कारखाने में प्रत्येक कर्मचारी को सुरक्षित कार्यस्थल, बेहतर कार्य सुविधाएं और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए संगठन निरंतर प्रयासरत रहेगा।
इज्जतनगर कारखाने में सुरक्षा बैठक, NERMC ने कर्मचारियों की सुरक्षा के मुद्दे प्रमुखता से उठाए

6.5K views

























































































