बरेली। सुभाष नगर क्षेत्र की तिलक कॉलोनी में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद, बरेली ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। परिषद के जिलाध्यक्ष हरी शंकर ने नगर आयुक्त, नगर निगम बरेली को ईमेल के माध्यम से पत्र भेजकर क्षेत्र में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या का तत्काल संज्ञान लेने तथा उन्हें पकड़वाने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि तिलक कॉलोनी में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कुत्तों के झुंड के कारण कॉलोनी के बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं राहगीरों में भय का वातावरण बना हुआ है। विशेषकर सुबह और रात के समय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा कुत्तों के हमले की आशंका बनी रहती है। हरी शंकर ने नगर आयुक्त से मांग की कि जनहित एवं नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तिलक कॉलोनी में शीघ्र अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़वाया जाए तथा समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम स्तर से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। परिषद ने उम्मीद जताई कि नगर निगम द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई की जाएगी, जिससे तिलक कॉलोनी के निवासियों को आवारा कुत्तों के आतंक से राहत मिल सके।