गुरु वंदन कार्यक्रम में शिक्षा और राष्ट्र निर्माण पर मंथन, सुनील शुक्ला बने फरीदपुर ब्लॉक अध्यक्ष
बरेली। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, जनपद बरेली के तत्वावधान में सरस्वती विद्या मंदिर, ब्रिज लोक कॉलोनी में गुरु वंदन कार्यक्रम एवं शिक्षक शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में “शिक्षा, संस्कार, संस्कृति एवं राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका” विषय पर विचार-विमर्श हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण और सरस्वती वंदना से हुआ। जिला उपाध्यक्ष शालिनी सक्सेना ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अध्यक्षता संगठन के संरक्षक होते लाल दीक्षित ने की।
प्रदेश संयुक्त मंत्री एवं जिला अध्यक्ष प्रियंका शुक्ला ने कहा कि राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ शिक्षक हितों की रक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रभावना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। जिला महामंत्री सुनील कुमार शर्मा ने गुरु वंदन कार्यक्रम के उद्देश्य बताते हुए कहा कि यह अभियान शिक्षकों और विद्यार्थियों में राष्ट्रीय गौरव एवं कर्तव्यबोध की भावना विकसित करता है।मुख्य वक्ता राष्ट्र सेविका समिति की जिला प्रभारी कृष्णा शर्मा ने प्राचीन गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता बताते हुए कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और व्यक्तित्व विकास का आधार है। समापन पर होते लाल दीक्षित ने कहा, “प्रलय और निर्माण शिक्षक की गोद में पलते हैं।”कार्यक्रम के बाद राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की बैठक में फरीदपुर ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से सुनील शुक्ला को ब्लॉक अध्यक्ष, भूप सिंह को महामंत्री और अरुण कुमार गौतम को कोषाध्यक्ष चुना गया। संगठन मंत्री सत्यार्थ पाराशरी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वे शिक्षक हितों और संगठन के उद्देश्यों के लिए सक्रियता से कार्य करें। जिला कोषाध्यक्ष परीक्षित गंगवार ने सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में शरद दीक्षित, शिखा अग्रवाल, चेतन मौर्य सहित विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
















































































