बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड के जरिए बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को हाईवे से धंतिया जाने वाले मोड़ के पास कब्रिस्तान के निकट से दबोचा गया। पुलिस के अनुसार 2 अगस्त को साइबर टीम की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि गिरोह फर्जी आधार कार्ड बनवाकर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाता था। इन खातों में साइबर ठगी की रकम मंगवाई जाती और बाद में आरोपी पैसे निकालकर आपस में बांट लेते थे। शनिवार को पुलिस टीम ने रफीक पुत्र अनीस खां (30 वर्ष), निवासी ग्राम धंतिया, थाना फतेहगंज पश्चिमी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में रफीक ने स्वीकार किया कि वह मो. जफर और ताहिर के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खाते खुलवाने और ठगी की रकम निकालने का काम करता था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी मो. जफर को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। रफीक के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी का पहले से भी धोखाधड़ी से जुड़ा आपराधिक इतिहास रहा है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।