बदायूँ। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिला उद्योग बंधु की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित बिंदुओं की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में अपेक्षित सुधार एवं प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिए कि जनपद में खराब विद्युत ट्रांसफार्मरों, विद्युत चोरी, विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं तथा लटकते विद्युत तारों की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों द्वारा समस्याओं के संबंध में स्पष्ट जानकारी न दिए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्रीय भ्रमण एवं स्थलीय निरीक्षण करें तथा विद्युत व्यवस्था से संबंधित समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल बैठकों में पूर्व से निर्धारित एजेंडे की जानकारी देने तक सीमित न रहें, बल्कि संबंधित कार्यों में वास्तविक प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए।मुख्य विकास अधिकारी ने एआरएम रोडवेज, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी तथा अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि वर्तमान में लागू रूट डायवर्जन के दृष्टिगत यातायात एवं सड़क व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रूट डायवर्जन वाले मार्गों का नियमित निरीक्षण करने तथा जहां आवश्यक हो, सड़कों की मरम्मत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।