रघुराज सिंह ने देहदान का लिया संकल्प
बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ के एनाटमी विभाग में गुरुवार को नगर पंचायत गुलड़िया, जनपद बदायूँ निवासी 84 वर्षीय रघुराज सिंह पुत्र स्व. भीम सिंह ने देहदान का संकल्प लेकर समाज के सामने मानव सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने योग गुरू गिरिधारी सिंह राठौर से प्रेरित होकर देहदान का संकल्प लिया। इस अवसर पर एनाटमी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मुकत्याज हुसैन एवं लैब टेक्नीशियन/बॉडी इंजेक्टर प्रमोद कुमार ने उनका पंजीकरण कराते हुए संकल्प पत्र भरवाया तथा उन्हें देहदान की प्रक्रिया, नियमों एवं इसके महत्व के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।इस दौरान पर राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार, डॉ. अर्शिया मसूद सिद्दीकी, विभागाध्यक्ष, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग एवं एनाटमी विभागाध्यक्ष डॉ. मुकत्याज हुसैन ने रघुराज सिंह को देहदान संकल्प का प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य डॉ0 शिव कुमार ने उनके इस सराहनीय, मानवीय एवं समाजोपयोगी कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि देहदान चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान तथा भावी चिकित्सकों के व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि देहदान केवल मृत्यु के बाद शरीर दान करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और मानव सेवा में अपना योगदान देने का एक महान संकल्प है।उन्होंने बताया कि देहदान के माध्यम से मेडिकल छात्रों को मानव शरीर की वास्तविक संरचना का प्रत्यक्ष अध्ययन करने का अवसर मिलता है। इससे भावी चिकित्सकों को बेहतर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त होता है और कुशल चिकित्सकों एवं सर्जनों के निर्माण में सहायता मिलती है। इसके साथ ही चिकित्सा शिक्षा एवं शोध को बढ़ावा मिलता है तथा शरीर की संरचना और विभिन्न रोगों को बेहतर ढंग से समझने के माध्यम से नई उपचार पद्धतियों एवं चिकित्सा तकनीकों के विकास में भी सहायता मिलती है। इस प्रकार व्यक्ति मृत्यु के बाद भी समाज एवं मानवता की सेवा में अपना योगदान देता रहता है।योग गुरू गिरिधारी सिंह राठौर ने कहा कि देहदान मानव सेवा का ऐसा महान कार्य है, जिसके माध्यम से व्यक्ति मृत्यु के बाद भी समाज और चिकित्सा जगत के लिए उपयोगी बना रहता है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को मानव शरीर की वास्तविक संरचना का प्रत्यक्ष अध्ययन करने का अवसर प्राप्त होता है, जिससे वे भविष्य में बेहतर चिकित्सक बन सकें। उन्होंने रघुराज सिंह के इस उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायक कार्य के लिए उन्हें बधाई दी तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों से देहदान के प्रति जागरूक होने की अपील की।गिरिधारी सिंह राठौर ने कहा कि देहदान का संकल्प मानवता की सेवा के प्रति एक अनुकरणीय पहल है। उन्होंने अपील की कि जो भी व्यक्ति देहदान का संकल्प लेना चाहता है, वह राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ के एनाटमी विभाग से संपर्क कर सकता है। इसके अतिरिक्त योग गुरू गिरिधारी सिंह राठौर से मोबाइल नंबर 8630691200 पर भी संपर्क किया जा सकता है।कार्यक्रम में डॉ. पारूल सक्सेना, सहायक आचार्य, एनाटमी विभाग, डॉ. लालेन्द्र यादव, डॉ. ऋषभ सिंह, डॉ. अर्जित आर्य, डॉ. इतिशा चौधरी, सत्वीर सिंह, टिंकू कश्यप, रूबी गुप्ता, राकेश पाल, अशोक कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
















































































