किसान दिवस में किसानों ने उठाईं समस्याएं, सीडीओ ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
बदायूँ। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि, बैंक, ऊर्जा, पशुपालन, सिंचाई, मत्स्य, नलकूप, गन्ना एवं उद्यान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जनपद के किसान मौजूद रहे।किसान दिवस का शुभारंभ उप कृषि निदेशक मनोज कुमार ने किसानों एवं अधिकारियों का स्वागत करते हुए किया। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सभी किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की। उन्होंने फसल बीमा योजना की जानकारी देते हुए बताया कि ऋणी किसान अपने सक्रिय किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 31 अगस्त 2026 तक धान, मक्का, बाजरा, उड़द एवं तिल की फसलों का बीमा करा सकते हैं। जो किसान फसल बीमा नहीं कराना चाहते, वे अंतिम तिथि से सात दिन पूर्व संबंधित बैंक शाखा में लिखित रूप से सूचना दे सकते हैं। प्राकृतिक आपदा से फसल क्षति होने पर बीमा कंपनी द्वारा नियमानुसार क्षतिपूर्ति की जाएगी।जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को बीज बुकिंग एवं वितरण के संबंध में जानकारी दी। किसान झांझन सिंह ने मक्का बिक्री से जुड़ी समस्या उठाई, जिस पर जिला खाद्य विपणन विभाग के निरीक्षक ने समाधान का आश्वासन दिया।
किसान रामाशंकर शंखधार ने विद्युत नलकूप कनेक्शन के लिए पूरा सामान उपलब्ध न होने, घरेलू विद्युत कनेक्शन का भार सही कराने तथा चेकिंग मीटर लगवाने से संबंधित समस्याएं रखीं। इस पर अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम ने किसानों को आवश्यक जानकारी दी।किसान जसवीर यादव ने आवारा गोवंश को गोशालाओं में संरक्षित कराने की मांग रखी। इस पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। वहीं किसान नरव्रेश सिंह ने सरकारी नलकूप संख्या-40 की गूलों को कब्जामुक्त कराए जाने के बाद दोबारा अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत की। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारी को गूलों को पुनः कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए।मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।अंत में उप कृषि निदेशक मनोज कुमार ने किसान दिवस में उपस्थित अधिकारियों एवं किसान बंधुओं का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
















































































