बरेली। केंद्रीय कार्य समिति के आह्वान पर भारतीय मजदूर संघ की ओर से देशभर में श्रमिकों की लंबित मांगों को लेकर प्रधानमंत्री, केंद्रीय श्रम मंत्री, वित्त मंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जिलाधिकारियों को सौंपे गए। इसी क्रम में भारतीय मजदूर संघ जिला बरेली ने भी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। संघ पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य सुबह करीब 10:30 बजे सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में एकत्र हुए। यहां सभा के बाद करीब 11:30 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में जिलाध्यक्ष गिरीश चंद्र पांडेय एवं जिलामंत्री नरेश कुमार सिंह के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। ज्ञापन में पुरानी पेंशन बहाली, समान काम-समान वेतन, बैंकों में पांच दिवसीय कार्य दिवस लागू करने, श्रम कानूनों में श्रमिक विरोधी प्रावधानों को तत्काल हटाने तथा बढ़ती महंगाई और जीवन-यापन की लागत के अनुरूप न्यूनतम वेतन में वृद्धि करने समेत 11 मांगें उठाई गईं।संघ पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से श्रमिकों की विभिन्न मांगें लंबित हैं। सरकार से श्रमिक हित में इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की गई। इस अवसर पर ओपीएन तिवारी विभाग प्रमुख, राजेंद्र प्रसाद घिल्डियाल जिला एवं महानगर प्रभारी, जगदीश शर्मा सहायक जिला मंत्री, प्रदीप शर्मा महानगर अध्यक्ष, मनोज सिंह महानगर मंत्री, नंदन सागर, रवि प्रकाश, प्रदीप कश्यप, नत्थू लाल, नारायण दास, ओम प्रकाश, श्याम बाबू सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।