बदायूँ में तीन दुकानों से लाखों की चोरी में आखिर कौन है जानकार, किस लोकल आदमी ने की रैकी ?
बदायूँ। शहर के बीचोंबीच स्थित अति व्यस्त मेन बाजार में चोरों ने 06 अगस्त की पूरी रात आतंक मचाते हुए आधा दर्जन दुकानों को निशाना बनाया। चोर तीन दुकानों के शटर और ताले तोड़कर लाखों रुपये की नकदी, सोने के जेवरात, किराने का सामान और मेवा समेत अन्य सामान समेट ले गए। तीन अन्य दुकानों के ताले तोड़ कर चोरी का प्रयास किया। हैरानी की बात यह है कि वारदात सदर कोतवाली से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई। घटना के दूसरे दिन भी पुलिस चोरों का कोई ठोस सुराग नहीं लगा सकी है। हालांकि चोरों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं और एसओजी तथा फॉरेंसिक टीम भी मामले के खुलासे में जुटी हुई हैं।
यहां सबसे बड़ा सवाल यह है कि वह शख्स आखिर कौन है, वह कौन है जिसने रेकी की। जिसे सब कुछ पता था, वह इस इलाके से इतना अधिक चिरपरिचित था कि उसे कोई ख़ौफ़ नही था पकड़े जाने, उसे यह भी भरोसा था कि रात में सब्जी मंडी की छत पर चढ़ेगा तो कोई उसे रोकेगा टोकेगा नही,उसे यह भी पता था कि किधर से जाना है किधर से वापस आना है, कहा कहा सीसीटीवी लगे है, किस दुकान में कहा नगदी कहा जेवर रखे है, यह वारदात वही व्यक्ति कर सकता है जिसे आने जाने के रास्ते व दुकानों के बारे में पूरी सटीक जानकारी हो, जिसे यह भी पता हो कि रात में पुलिस किस समय इस इलाके में गश्त करती,किस समय नदारद होती,किस समय पुलिस सुस्त होती। क्योंकि यह वारदात करने वाले बदमाश को यह भी पता था कि पास में ही कोतवाली औऱ छह सडका पुलिस चौकी और पुलिस पिकेट भी है। पुलिस अब इसी जानकार चोर की तलाश में जुटी हुई है। इस घटना से यह तो साफ है कि चोरी की वारदात करने वाला गिरोह भले ही गेर जनपद का हो लेकिन रेकी करने वाला तो लोकल का ही व्यक्ति रहा होगा। फिलहाल पुलिस के हाथ अभी खाली है।घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के नेहरू चौक, बड़ा बाजार और कारमेकल गंज मार्केट की है। बताया जा रहा है कि चोर रात के समय सब्जी मंडी के पीछे की ओर से बाजार में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक कई दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने करीब आधा दर्जन दुकानों के ताले तोड़े। इनमें तीन दुकानों से चोरी करने में वे सफल रहे, जबकि अन्य दुकानों में सुरक्षा व्यवस्था के चलते उनका प्रयास सफल नहीं हो सका।प्रमोद जनरल स्टोर से नकदी, सोना और कॉस्मेटिक सामान चोरी
बड़ा बाजार नेहरू चौक स्थित प्रमोद जनरल स्टोर के प्रोपराइटर प्रमोद कुमार गुप्ता के मुताबिक चोर दुकान से करीब 40 हजार रुपये की नकदी, 70 से 80 ग्राम सोना, फेसवॉश, फेयर एंड लवली के करीब 15 से 20 गत्ते तथा अन्य सामान चोरी कर ले गए। सुबह दुकान खोलने पर चोरी की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए।प्रभात नारायण जनरल स्टोर से 5-6 लाख रुपये की नकदी ले गए चोर
प्रभात नारायण जनरल स्टोर में भी चोरों ने ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। दुकान स्वामी के मुताबिक चोर यहां से करीब पांच से छह लाख रुपये नकद और किराने का अन्य सामान चोरी कर ले गए। दुकान में हुई बड़ी चोरी से व्यापारी परिवार में हड़कंप मचा हुआ है।
न्यू गांधी ड्राई फूड से डेढ़ लाख नकद और मेवा साफवहीं न्यू गांधी ड्राई फूड, बड़ा बाजार नेहरू चौक को भी चोरों ने निशाना बनाया। दुकान की मालकिन श्रीमती संतोष के मुताबिक चोर यहां से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और मेवा के पैकेट चोरी कर ले गए। दुकानदारों का कहना है कि अभी सभी दुकानों में हुए नुकसान का पूरा आकलन नहीं हो सका है, इसलिए चोरी गई रकम और सामान का आंकड़ा बढ़ भी सकता है।तीन और दुकानों के ताले तोड़े, लेकिन चोरी में नहीं हुए कामयाब
चोरों ने गोविंद राम, मुक्ता प्रसाद और मोहन ब्रदर्स किराना स्टोर के भी ताले तोड़ने का प्रयास किया। हालांकि यहां वे चोरी करने में सफल नहीं हो सके। इसके बाद भी एक ही रात में बाजार की कई दुकानों को निशाना बनाए जाने से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।सुबह दुकानें खोलने पहुंचे व्यापारी तो सामने आया पूरा मामला
सुबह जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो उन्हें ताले और शटर टूटे मिले। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। चोरी की जानकारी मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सिटी राहुल पांडे, कोतवाल संजय सिंह, एसओजी टीम और भारी पुलिस बल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसपी सिटी ने भी किया घटनास्थल का निरीक्षण
चोरी की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल और आसपास के इलाके की स्थिति को देखा तथा घटना के जल्द खुलासे के निर्देश दिए।एसओजी और फॉरेंसिक टीम ने खंगाले साक्ष्य
घटना के बाद एसओजी और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर चोरों द्वारा इस्तेमाल किए गए औजारों और अन्य संभावित साक्ष्यों की बारीकी से जांच की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। संदिग्धों की पहचान और चोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही हैं।वारदात के दूसरे दिन भी चोरों का सुराग नहीं लगने से व्यापारियों की बेचैनी बढ़ गई है। दुकानदारों का कहना है कि नेहरू चौक, गोपी चौक और खैराती चौक जैसे व्यस्त बाजार क्षेत्रों में पुलिस फोर्स की मौजूदगी के बावजूद चोरों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। इससे रात के समय बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
व्यापारियों ने बाजार में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों की निगरानी करने और सीसीटीवी व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस का दावा है कि चोरी की घटना के खुलासे के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि शहर के सबसे व्यस्त बाजार और कोतवाली से महज 500 मीटर की दूरी पर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले चोर आखिर कौन हैं और पुलिस उन तक कब पहुंचती है।















































































