बरेली। इज्जतनगर विद्युत उपकेंद्र के फरीदापुर चौधरी में गुरुवार शाम से करीब 100 परिवार बिजली गुल होने से परेशान रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में आए दिन फाल्ट होता है, लेकिन शिकायतों के बावजूद समय पर निस्तारण नहीं किया जाता। शुक्रवार को जब एसडीओ सचिन शर्मा से शिकायत की गई तो उन्होंने पहले बिजली बिल दिखाने की बात कही, जिससे लोगों में नाराजगी फैल गई।ग्रामीण भूरा ने बताया कि करीब 24 घंटे तक फाल्ट रहा, लेकिन सब स्टेशन का कोई कर्मचारी फोन तक नहीं उठा रहा था। वहीं हामिद ने कहा कि बिजली न होने से पानी खत्म हो गया और भीषण गर्मी में बच्चे व बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हो रहे। बाद में एसई रूरल के हस्तक्षेप से फाल्ट ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल कराई गई।लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग से बढ़ी परेशानीग्रामीणों का कहना है कि फरीदापुर चौधरी में फाल्ट, लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो रहा और सब स्टेशन के कर्मचारी अक्सर फोन तक नहीं उठाते।