बदायूँ: अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मानवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में जिला निरीक्षण समिति ने 13 अक्टूबर को जनपद में संचालित दो विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरणों का निरीक्षण किया। इस दौरान अनाथ एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के खानपान, स्वास्थ्य, देखभाल, सुरक्षा तथा गृहों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और शासन द्वारा निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन करने के निर्देश दिए। समिति ने महिला अस्पताल परिसर में संचालित राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण तथा मोहल्ला नेकपुर की गली संख्या-एक में दलित ग्रामीण विकास संस्थान द्वारा संचालित विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण इकाई का निरीक्षण किया।
राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण के प्रबंधक एवं समन्वयक ने समिति को अवगत कराया कि वर्तमान में गृह में चार बच्चे रह रहे हैं। सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा चुका है तथा उनका स्वास्थ्य सामान्य है। बच्चों से संबंधित कानूनी प्रक्रिया भी जारी है। वहीं, दलित ग्रामीण विकास संस्थान द्वारा संचालित अभिकरण इकाई के सचिव अनूप सक्सेना ने बताया कि संस्था में विशेष आवश्यकता वाले दो बच्चे रह रहे हैं। उनका स्वास्थ्य सामान्य पाया गया है और उनसे संबंधित कानूनी प्रक्रिया भी प्रचलित है। अपर जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह ने निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा गृहों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रखी जाए। गृहों में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पूरा विवरण पंजिका में दर्ज किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा के संबंध में शासनादेश में निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने दोनों दत्तक ग्रहण गृहों के अभिलेख सुव्यवस्थित रखने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया कि संबंधित गृहों में निर्धारित मानकों का प्रभावी ढंग से अनुपालन कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार, पुलिस उपनिरीक्षक इन्द्रपाल सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रणव पाठक, नैदानिक मनोवैज्ञानिक डॉ. सर्वेश कुमारी, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निरंजन सिंह, किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य प्रमिला गुप्ता, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष नंदकिशोर पाठक, सदस्य सविता मालपाणी, संस्थागत संरक्षण अधिकारी प्रीती कौशल, रवि कुमार, कांस्टेबल रवि कुमार, मुख्य आरक्षी यतेन्द्र कुमार एवं मुख्य आरक्षी बलजीत सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
दत्तक ग्रहण गृहों में बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर

7.1K views

























































































