बरेली। उपजा प्रेस क्लब, बरेली में जन सेवा सहायक पार्टी की ओर से कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश सहित अन्य जिलों से आए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओ.पी. सिंह लोधी ने किया।सम्मेलन को संबोधित करते हुए ओ.पी. सिंह लोधी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराधियों पर सरकार का प्रभावी नियंत्रण नहीं हो रहा । उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए आज भी अकेले बाहर निकलना सुरक्षित नहीं है।उन्होंने बिजली व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश के कई जिलों में लोगों को 18 घंटे भी बिजली उपलब्ध नहीं हो रही, जबकि बिजली की दरें अन्य राज्यों की तुलना में अधिक हैं। उन्होंने प्रदेश में मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग की।स्वास्थ्य सेवाओं का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल स्वयं संसाधनों की कमी से जूझ रहे हैं, जबकि निजी अस्पताल मनमानी फीस वसूलकर मरीजों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अनावश्यक जांच के नाम पर गरीबों से भारी रकम वसूली जा रही है और सरकार इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में युवा बेरोजगारी और किसान आत्महत्या जैसे गंभीर मुद्दों से जूझ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, मुफ्त बिजली, पानी और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर.के. दत्त एवं मिश्री लाल ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार पाण्डेय, प्रदेश सचिव रामसूरत चौहान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजू भड़ैया, राष्ट्रीय महासचिव संजीव कुमार, डॉ. राजाराम, विशाल लोधी एडवोकेट, राजपाल लोधी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।