बरेली। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में पीड़ित को बड़ी राहत दिलाते हुए ठगी गई रकम में से 5.50 लाख रुपये वापस उसके खाते में रिवर्स करा दिए हैं। शेष राशि, जो एटीएम के माध्यम से निकाली गई थी, उसे वापस कराने के प्रयास जारी हैं। पुलिस के अनुसार, सिविल लाइंस स्थित एलए अपार्टमेंट निवासी नरेशचंद्र सूद ने 18 जून को शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर व्हाट्सएप पर संपर्क किया। बैंकिंग सेवा के नाम पर आधार कार्ड, पैन कार्ड और ओटीपी सहित अन्य गोपनीय जानकारी हासिल कर उनके खाते से 8 लाख रुपये निकाल लिए।मामला दर्ज होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक (अपराध) के निर्देशन में साइबर थाना पुलिस ने आईसी पोर्टल, संबंधित बैंकों और अन्य एजेंसियों के सहयोग से मनी ट्रेल का पीछा किया। लगातार प्रयासों के बाद ठगी गई राशि में से 5.50 लाख रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए।साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक खाता, ओटीपी, सीवीवी, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय वित्तीय जानकारी किसी भी अज्ञात व्यक्ति से साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें ।