स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम में कचरा पृथक्करण की दी जानकारी, ड्राइंग व क्विज प्रतियोगिता के विजेता हुए सम्मानित
सैदपुर (बदायूं)। शासन द्वारा संचालित “ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 अनुपालन एवं जनजागरूकता अभियान” के प्रथम सप्ताह के चतुर्थ दिवस के अंतर्गत एक स्कूल में विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत RTM Society for Social Development द्वारा किया गया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कचरे के वैज्ञानिक एवं उचित प्रबंधन की जानकारी दी गई। उन्हें गीले, सूखे, घरेलू हानिकारक एवं सैनिटरी अपशिष्ट को अलग-अलग रखने तथा कचरा पृथक्करण के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। वक्ताओं ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया।इस अवसर पर विद्यालय में स्वच्छता विषय पर ड्राइंग प्रतियोगिता एवं स्वच्छता क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों ज़ोया खान, अलीशा खान, मानवी शंखधार, सेजल, अरवान खान एवं इंशा रहमानी को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता जागरूकता रैली भी निकाली। रैली के माध्यम से नगरवासियों को स्वच्छता अपनाने, कचरे को अलग-अलग रखने और अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया गया। रैली के बाद विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनवर अली खान रहे। विशिष्ट अतिथियों में कैशन अली, कादरी दारुल उलूम वजीरगंज के प्रधानाचार्य, प्रधानाचार्य फैसल खान, पंकज शर्मा, मेराज अहमद, इशाक हुसैन एवं जीशान सिद्दीकी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम के सफल आयोजन में RTM Society for Social Development की संस्थापक रिदा खान, मुशीर अली, नगर पालिका सैदपुर के सभासद आजम हुसैन, निशू खान सहित संस्था के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, उन्हें कचरा प्रबंधन के प्रति जिम्मेदार बनाना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए जागरूक करना रहा।















































































