भाजपा शाही मंडल की मासिक बैठक संपन्न, हर घर तिरंगा अभियान और गुरु रविदास जयंती अभियान की तैयारियों पर जोर
बरेली । शाही में भारतीय जनता पार्टी शाही मंडल कार्यालय पर गुरुवार को मंडल की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अनुरोध सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में शाही मंडल प्रभारी एवं जिला मीडिया प्रभारी अंकित महेश्वरी उपस्थित रहे। बैठक में आगामी हर घर तिरंगा अभियान तथा संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में चलाए जाने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।मुख्य अतिथि अंकित माहेश्वरी ने बताया कि 12 अगस्त को प्रातः 10:30 बजे तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके बाद 13, 14 और 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक घर, दुकान और प्रतिष्ठान तक तिरंगा पहुंचाया जाएगा तथा लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति तिरंगा फहराते हुए अपनी सेल्फी लेकर सरल ऐप पर अपलोड करे। साथ ही निर्देश दिए कि 15 अगस्त को शाम 5 बजे राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक उतारकर सुरक्षित रखा जाए तथा बूथ स्तर तक इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी कार्यकर्ताओं से अभियान को पूरी तैयारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया गया। इस कार्यक्रम में महिला मोर्चा और युवा मोर्चा की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी।बैठक में बताया गया कि 18 अगस्त को संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे रविदास अभियान के अंतर्गत वाराणसी स्थित गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली से पवित्र माटी का कलश शाही मंडल क्षेत्र में पहुंचेगा। कलश यात्रा पांच गांवों और विभिन्न मंदिरों तक जाएगी। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समय रहते पूरी करें और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें।बैठक में प्रमुख रूप से दीनानाथ कश्यप, सत्य पाल यदुवंशी, रोहित शर्मा, पोशाकी लाल राजपूत, भूपेंद्र गंगवार, मंगल सेन गंगवार, रमेश शर्मा सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















































































