बरेली। प्रधानमंत्री सिंचाई योजना 2.0 के अंतर्गत विकास खंड आलमपुर जाफराबाद की विभिन्न वाटरशेड परियोजनाओं में मेढ़बंदी का कार्य करने वाले मजदूरों ने मजदूरी भुगतान न होने का आरोप लगाया है। बाबूराम, मुकेश, अमरपाल, नहेश पाल, महीपाल, चंद्र प्रकाश, तीर्थ सिंह, संतराम सहित कई मजदूरों ने बताया कि वर्ष 2024-25 की परियोजनाओं में उन्होंने तीन माह तक कार्य किया। उनका कहना है कि कार्य की नाप-जोख और सत्यापन संबंधित अधिकारियों द्वारा किया गया तथा भुगतान का आश्वासन भी दिया गया था। मजदूरों का आरोप है कि कार्य पूरा होने के बावजूद अब भूमि संरक्षण अधिकारी बरेली मजदूरी देने से इनकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि मजदूरी न मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और पलायन की नौबत आ सकती है। मजदूरों ने जिला अधिकारी से हस्तक्षेप कर शीघ्र मजदूरी का भुगतान कराने की मांग की है।