बदायूं। दातागंज क्षेत्र को बाढ़मुक्त करने की मांग को लेकर प्रस्तावित धरने से पहले कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अजीत यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कांग्रेस का आरोप है कि हजरतपुर थाना पुलिस ने उन्हें हर्रामपुर गांव से हिरासत में लेने के बाद बदायूं शहर के नेकपुर स्थित उनके आवास पर नजरबंद कर दिया।कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने बताया कि वे दातागंज क्षेत्र को बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत दिलाने की मांग को लेकर हजरतपुर में धरना देने जा रहे थे। उनकी मांग है कि मानपुर से सिमरिया तक तथा रूकुमपुर से भाऊनगला तक रामगंगा नदी के दोनों किनारों पर मजबूत बांध एवं तटबंध का निर्माण कराया जाए, जिससे क्षेत्र को हर वर्ष आने वाली बाढ़ से बचाया जा सके।हिरासत में लिए जाने के बाद अजीत यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “भाजपा जब-जब डरती है, पुलिस को आगे करती है।” उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी और नजरबंदी से कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं और दातागंज को बाढ़मुक्त कराने के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है। वहीं, पुलिस प्रशासन की ओर से हिरासत और नजरबंदी को लेकर समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।