बदायूँ। जनपद के वजीरगंज थाना क्षेत्र के सुरसेना गांव में लंबे समय से सड़क पर जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों का मंगलवार को गुस्सा फूट पड़ा। नाराज़ ग्रामीणों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए जलमग्न सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन का ध्यान अपनी समस्या की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर लंबे समय से पानी भरा होने के कारण आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और राहगीरों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नाराज़गी जताते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की। उनका कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।सड़क पर धान की रोपाई कर किया गया यह अनोखा प्रदर्शन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब ग्रामीणों सहित क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि आखिरकार जलभराव की इस गंभीर समस्या का समाधान कब तक किया जाएगा।