बरेली। थाना सिरौली पुलिस ने युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और अन्य गंभीर धाराओं में दर्ज मुकदमे के वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 18 जुलाई को पीड़िता के परिजनों ने थाना सिरौली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता की अन्य गंभीर धाराएं भी बढ़ाई गईं और आरोपी की पहचान गोरखपुर निवासी महेश पुत्र केशव (30 वर्ष) के रूप में हुई। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर सिरौली पुलिस ने कस्बा सिरौली के प्यास तिराहा स्थित एक पेट्रोल पंप के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पीड़िता से प्रेम करता था और दोनों ने शादी कर ली थी। उसके अनुसार पीड़िता बिना बताए गोरखपुर से चली गई थी और वह उसकी तलाश में सिरौली आया था, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक सचिन मलिक और कांस्टेबल भारतवीर मलिक ने की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।