बरेली। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के बाद बरेली महानगर कांग्रेस कमेटी ने महानगर अध्यक्ष अधिवक्ता दिनेश दद्दा के नेतृत्व में जश्न मनाया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने कहा कि दतिया विधानसभा में कांग्रेस की जीत और बिहार की बाकीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा की हार जनता का लोकतंत्र के प्रति विश्वास दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जनता ने अपने मत से स्पष्ट संदेश दिया है कि वह लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के पक्ष में खड़ी है। उन्होंने इस जनादेश को लोकतंत्र में आस्था रखने वाले लोगों की जीत बताया।कांग्रेस प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने कहा कि युवाओं के आंदोलनों को दबाने और महिलाओं के प्रति संवेदनहीन रवैये का जवाब जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से दिया है। उन्होंने कहा कि इस परिणाम से युवाओं और महिलाओं में नया उत्साह पैदा हुआ है। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी तथा मिठाई बांटकर जीत का उत्सव मनाया। इस अवसर पर गांधीवादी नेता हरीश गंगवार, महामंत्री सतीश चंद्र, कोषाध्यक्ष तीर्थ मधुकर, ओमपाल प्रजापति, सुरेश दिवाकर, मजार अंसारी, विनोद कुमार, सोमपाल यादव, उल्फत सिंह कठेरिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।