बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र के जगतपुर पुराना शहर निवासी ब्रजेश कुमार ने अपने मुकदमे की विवेचना किसी अन्य थाने से कराए जाने की मांग करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। उनका कहना है कि उनके द्वारा 11 जुलाई को थाना बारादरी में दर्ज कराए गए मुकदमा की विवेचना वर्तमान में एसआई अवनीश कुमार द्वारा की जा रही है, लेकिन उन्हें विवेचना की निष्पक्षता पर भरोसा नहीं है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि थाना स्तर पर अभियुक्तों से सांठगांठ होने की आशंका के कारण उन्हें निष्पक्ष जांच मिलने की उम्मीद नहीं है। उनका यह भी कहना है कि जब भी वह विवेचना की प्रगति जानने के लिए थाना बारादरी जाते हैं, तो उन्हें डांटकर भगा दिया जाता है और कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दी जाती। ब्रजेश कुमार ने बताया कि घटना में उनके भाई की मृत्यु हुए लगभग 24 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें न्याय मिलने की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई होती नहीं दिख रही है। उन्होंने एसएसपी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए मुकदमे की विवेचना किसी अन्य थाने में स्थानांतरित करने के आदेश दिए जाएं।