बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत एक शातिर तस्कर को 265 ग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम वीसलपुर चौराहे पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सम्राट अशोक नगर मार्ग पर सड़क किनारे एक खोखे के पास एक व्यक्ति अफीम बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजपाल (29) पुत्र ओमप्रकाश, निवासी ग्राम खण्डिया, थाना खजूरिया, जिला रामपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 265 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि अधिक मुनाफे के लालच में वह रामपुर से बरेली आकर अफीम बेचता था ताकि पहचान न हो सके। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना बारादरी में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया।