बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल, सीयूजीएल, एलपीजी गैस एजेंसियों, पीएनजी गैस अधिकारियों तथा पेट्रोल-डीजल पंप संचालकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए और न ही उन्हें फैलने दिया जाए। उन्होंने कहा कि सभी उपभोक्ताओं को आवश्यकतानुसार ईंधन की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। पीएनजी गैस कनेक्शनों को बढ़ावा देने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जहां पीएनजी लाइन उपलब्ध है, वहां 90 दिनों के भीतर कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा, अन्यथा एलपीजी आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि ग्रीन पार्क और महानगर क्षेत्र के लगभग 80 प्रतिशत घरों में पीएनजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जबकि सुभाषनगर के शांति विहार क्षेत्र में भी आपूर्ति शुरू हो गई है। विवाह सीजन को देखते हुए 1600 विवाह कार्डों के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए हैं और अब तक लगभग 9800 सिलेंडर वितरित किए जा चुके हैं। साथ ही गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं के लिए टेंट, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।