पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर को पार्टी विरोधी बयान के चलते कांग्रेस से सस्पेंड कर दिया गया है। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने बताया कि डॉ. नवजोत कौर सिद्धू को तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया गया है। यह कार्रवाई उनके उस बयान के बाद की गई, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री का चेहरा 500 करोड़ की अटैची देने वालों के आधार पर तय किया जाता है। डॉ. नवजोत कौर ने यह बयान पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात के बाद दिया था और कहा था कि यदि सिद्धू को मुख्यमंत्री चेहरा बनाया जाए तो पार्टी न केवल मजबूत होगी बल्कि पंजाब को “गोल्डन स्टेट” बनाया जा सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के मौजूदा हालात में नेता खुद ही पार्टी को हराने में लगे हैं। उनके इस बयान से कांग्रेस में सियासी घमासान मच गया है। मामले पर पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भी कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी में मुख्यमंत्री बनने के कई पैमाने हैं, जिनमें सिख होना भी शामिल है, जिस पर सिद्धू खरे उतरते हैं। उल्लेखनीय है कि 2021 में कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद सुनील जाखड़ भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में थे, लेकिन उस समय पंजाब का मुख्यमंत्री हिंदू होने पर आपत्ति जताई गई थी। बाद में कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुनील जाखड़ दोनों कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए।