ककोड़ा मेला में जिला पंचायत अध्यक्ष व पूर्व एमएलसी ने स्काउट के शिविर का निरीक्षण किया
बदायूं । भारत स्काउट गाइड संस्था के तत्वावधान में मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में चल रहे खोया पाया समाज सेवा शिविर में स्काउट ने मेले में 302 से अधिक खोये बच्चों और बुजुर्गों को उनके परिजनों से मिलाया। जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव और पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव ने निरीक्षण किया। उन्होंने मेले में खोये बच्चों और बुजुर्गों के रजिस्टर रिकॉर्ड को देखा। स्काउट द्वारा वर्षों से किये जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्काउट द्वारा मेले में 24 घंटे की जा रही सेवा की वजह से मेला सही से संपन्न हो जाता है। मेले में अनुशासन, सुरक्षा, सुव्यवस्था रहती है और श्रद्धालुओं को कोई असुविधा नहीं होती है। उन्होंने स्काउट की पीठ भी थपथपाई।

स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त एडवोकेट महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि युवाओं के शब्दकोश में असंभव शब्द नहीं, हर कार्य के लिए संभव कर दिखाने की सामर्थ्य रखते हैं। जिला संगठन कमिश्नर मोहम्मद असरार, डीटीसी सत्यपाल गुप्ता, जिला स्काउट प्रशिक्षण नंदराम शाक्य के मार्गदर्शन में स्काउट मेले में सेवा कार्य कर रहे हैं।
पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में स्काउट द्वारा 302 खोये बच्चों और बुजुर्गों को उनके परिजनों से मिलाया। स्काउट की मेले के मुख्य मार्ग, गंगा तट, मेले के पूर्वी और पश्चिमी तरफ, कोतवाली के समीप, बरेली मेला, कुर्मियान मेला, मीना बाजार, रोडवेज बस स्टैंड के समीप स्काउट की ड्यूटी लगाई गई। इसके अलावा मेले में स्वच्छता, सावधानी और सुरक्षा को लेकर माइक पर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। शिक्षक सुरेश बाबू शाक्य, अनार सिंह शाक्य, राजकुमार, शिव कुमार, मोहम्मद हसन, रवि प्रताप सिंह ने कार्यालय संभाला। स्काउट में कैंपफायर में दहेज प्रथा, नशा उन्मूलन, कुरीतियों और वन संरक्षण से संबंधित कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर महिपाल सिंह तोमर, लक्ष्मी देवी, सुमन कुमार, बोधेंद्र राठौर आदि मौजूद रहे।













































































