बरेली। रेलवे पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना जीआरपी बरेली जंक्शन पुलिस टीम ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन बरेली के प्लेटफार्म संख्या 1 के अंतिम छोर से एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान दुर्वेश कुमार (19) पुत्र हरनन्दन निवासी ग्राम मिलक जैदपुर, थाना विशारतगंज, जनपद बरेली के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से 575 ग्राम अवैध अफीम बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग पाँच लाख रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में थाना जीआरपी बरेली जंक्शन पर मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा, व.उप निरीक्षक अभिषेक शर्मा, कांस्टेबल मोहम्मद आलम, कांस्टेबल संदीप कुमार और सचिन कुमार शर्मा शामिल थे।