निजीकरण हेतु ट्रांजैक्शन कंसल्टेंट नियुक्त करने की बिडिंग पूरी तरह अवैधानिक
बरेली। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, उप्र ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण हेतु ट्रांजैक्शन कंसल्टेंट नियुक्त करने की बिडिंग पर सवाल उठाते हुए इसे पूरी तरह असंवैधानिक करार देते हुए तत्काल निरस्त करने की मांग की है। इस बीच आज लगातार 115वें दिन प्रदेश भर में समस्त जनपदों और परियोजनाओं पर विरोध प्रदर्शन किए गए। संघर्ष समिति ने कहा कि ट्रांजेक्शन कंसल्टेंट नियुक्त करने हेतु आर एफ पी डॉक्यूमेंट में बार बार बदलाव किया गया। कनफ्लिक्ट आफ इंटरेस्ट के अति महत्वपूर्ण प्राविधान को हटा दिया गया। अंततः जो तीन बीड आई वह कनफ्लिक्ट आफ इंटरेस्ट के दायरे में आती हैं। यह भी कहना अनुपयुक्त नहीं होगा कि ट्रांजेक्शन कंसल्टेंट की नियुक्ति हेतु बिडिंग में फिक्सिंग की गई है। यह सब अत्यन्त गम्भीर मामला है। इससे स्पष्ट हो गया है कि उप्र के 42 जनपदों के बिजली के निजीकरण में भारी घोटाला होने जा रहा है। उधर आज गुवाहाटी में पूर्वोत्तर भारत के 8 प्रान्तों के बिजली कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों के संयुक्त सम्मेलन में उप्र के बिजली कर्मियों के निजीकरण के विरोध में चल रहे आन्दोलन के समर्थन में प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव में उप्र में निजीकरण का निर्णय वापस लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी गई कि यदि निजीकरण का निर्णय वापस न लिया गया और उप्र के बिजली कर्मियों का उत्पीड़न किया गया तो पूर्वोत्तर भारत के बिजली कर्मी मूक दर्शक नहीं रहेंगे और उप्र के बिजली कर्मियों के समर्थन में आन्दोलन करने हेतु बाध्य होंगे। पूर्वोत्तर भारत के सम्मेलन में यह निर्णय लिया गया कि 9 अप्रैल की लखनऊ रैली में पूर्वोत्तर भारत के बिजली कर्मी आयेंगे। संघर्ष समिति 24 अप्रैल को मेरठ में बिजली महा पंचायत की तैयारी हेतु 22 व 23 मार्च को बिजली उपभोक्ताओं और किसानों से व्यापक जनसंपर्क का अभियान चला रही है। इसी क्रम मे बरेली जनपद में मुख्य अभियंता कार्यालय पर हुई विरोध सभा में विद्युत कर्मचारी संयुक्त समिति के संयोजक विपुल शुक्ला, रविंद्र कुमार आकांक्षा सक्सेना,वी के ग्वाल, मनोज सिंह, अनिल, अवतार सिंह आदि ने सभा को संबोधित किया एवं राजीव कश्यप, अनुज सक्सेना वैभव दीप, हरीश कुमार, मोहित कुमार, मिराज, सिमिर सिंह, रिंकू श्रीवास्तव, गीतांजलि, छाया नीमा,शारदा रानी, राम जी गुप्ता, राहुल शर्मा, राजाराम, मोहित , अर्जुन , राम बहादुर, प्रदीप भारती, रोहित सक्सेना, तस्लीम खान, लवि सक्सेना, सी. पी. सिंह, अरविन्द, जगपाल आदि उपस्थित रहे ।













































































