बरेली। बरेली के शीशगढ़ थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में वांछित मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी लगभग चार माह से एक युवक से जान-पहचान थी। आरोप है कि युवक ने विवाह का झांसा देकर उससे संबंध बनाए और बाद में शादी से इंकार करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़िता की शिकायत पर 15 फरवरी को थाना शीशगढ़ में मुकदमा नाजिम और दो अन्य सह-अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।पुलिस टीम ने 16 फरवरी की सुबह मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नाजिम पुत्र छोटे निवासी ग्राम करीमगंज कल्यानपुर को गुलड़िया तिराहे से लगभग 6:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अशिक्षित है और किच्छा क्षेत्र में मजदूरी करता है तथा गांव आने-जाने के दौरान पड़ोस में रहने वाली पीड़िता से संपर्क बढ़ा था। प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक अमर सिंह और हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार की टीम ने गिरफ्तारी की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।