गौशालाओं में उपलब्ध कराई जाये बुनियादी सुविधाऐं:जिलाधिकारी
पीलीभीत। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार की अध्यक्षता में स्थाई/अस्थाई गौवंश आश्रय स्थलों की जनपद स्तरीय गौवंश सरंक्षण एवं अनुश्रवण समिति एवं मूल्यांकन समिति की समीक्षा बैठक गोमती सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों व खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि अपने अपने क्षेत्रान्तर्गत आने वाली गौशालाओं में हरे चारे की व्यवस्था, भूसा, प्रकाश, पानी की व्यवस्था एवं टिनशेड सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये।

उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि गौशालाओं की देखरेख हेतु नोडल अधिकारी नामित कराना सुनिश्चित किया जाये। नामित नोडल अधिकारी गौशालाओं का निरीक्षण कर निरीक्षण आख्या फोटोग्राफ सहित एक सप्ताह में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गौशाला को नियमित निरीक्षण किया जाये तथा बीमार गौवंशो का तुरन्त इलाज कराया जाये। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिये गये निर्धारित मात्रा में ही गौवंशों को गौशालाओं में रखा जाये। इसके साथ ही उन्होंने वृहद गौ संरक्षण केन्द्र की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गौवंशों की ईयर टैगिंग कराना सुनिश्चित किया जाये तथा छोटे गौवंशों को अलग रखने की व्यवस्था करने के निर्देश दिये। बैठक में निर्माणाधीन गौशालाओं की समीक्षा के दौरान उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि एक सप्ताह में पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाये, जिससे की अधिक से अधिक गौवंशों को संरक्षित किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने समस्त सम्बन्धितों को निर्देशित किया कि नगर पालिकाओं/ नगर पंचायतों में गौशालाओं के निर्माण हेतु भूमि का चिन्हाकंन करने व शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सहभागिता योजना के अन्तर्गत अधिक से अधिक लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाये और सहभागिता के लाभार्थियों को समय से भुगतान सुनिश्चित किया जाये। बैठक में जिला विकास अधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अभियन्ता शारदा सागर खण्ड, जिला पंचायतराज अधिकारी, अधिशासी अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर रिजवान खान













































































